नवसारी, 14 अप्रैल। गुजरात के नवसारी जिले की गणदेवी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी का जनादेश(मेंडेट)प्रस्तुत नहीं करने के कारण कांग्रेस के सभी 20 उम्मीदवारों के नामांकन फॉर्म रद्द हो गए हैं। इसके अलावा एक निर्दलीय उम्मीदवार का फॉर्म भी निरस्त हुआ है।
गणदेवी नगर पालिका की 24 सीटों के लिए कुल 69 नामांकन फॉर्म दाखिल किए गए थे, जिनमें भाजपा के 49, कांग्रेस के 20 और निर्दलीय उम्मीदवार शामिल थे। जांच के दौरान कांग्रेस उम्मीदवारों के फॉर्म के साथ अधिकृत जनादेश नहीं होने के कारण सभी नामांकन खारिज कर दिए गए। इस स्थिति के बाद भाजपा को 24 में से 21 सीटों पर निर्विरोध जीत संभावना प्रबल हो गई है। अब शेष 3 सीटों पर भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होना बाकी है।
फिलहाल वार्ड नंबर 1, 4 और 6 में भाजपा के उम्मीदवारों के सामने निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, नामांकन वापसी के अंतिम दिन इन सीटों पर भी निर्विरोध परिणाम की संभावना जताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस की स्थानीय संगठनात्मक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
