बेंगलुरु, 20 अप्रैल । हैदराबाद से कर्नाटक के हुब्बली आ रहे एक एयरलाइंस की उड़ान को खराब मौसम और तेज तूफान के कारण हुब्बली पर उतारा नहीं जा सका। इसके बाद विमान को बेंगलुरु के लिए डायवर्ट करना पड़ा। इस विमान पर सवार 18 यात्रियों को कई घंटों तक डर और तनाव का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार फ्लाई91 एयरलाइंस की आईस 3401 नंबर की एटीआर टर्बोप्रॉप उड़ान रविवार दोपहर करीब 3 बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी। विमान को शाम 4.30 बजे हुब्बली में उतरना था, लेकिन हुब्बली के पास पहुंचते ही तेज हवा और खराब मौसम के कारण लैंडिंग में परेशानी आई।
यात्रियों के मुताबिक, विमान करीब चार घंटे तक हुब्बली क्षेत्र के आसमान में चक्कर लगाता रहा। बाद में सुरक्षा कारणों से उसे बेंगलुरु के लिए डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद विमान शाम करीब 7.30 बजे सुरक्षित रूप से बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उतरा।
विमान में सवार यात्री जयकुमार अरलगुंडगी ने बताया, “हमें लग रहा था कि शायद हम जिंदा वापस नहीं लौट पाएंगे। तेज तूफान के कारण विमान काफी हिल रहा था। पायलट ने समय रहते सही फैसला लिया, जिसकी वजह से हम सुरक्षित बच गए।” उन्होंने आरोप लगाया, “बेंगलुरु पहुंचने के बाद एयरलाइंस की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। कर्मचारियों का व्यवहार भी ठीक नहीं था। आखिरकार हमें अपने खर्च पर टैक्सी करके हुब्बली लौटना पड़ा।
इस घटना के बाद कई यात्रियों और उनके परिवारों ने फ्लाई91 एयरलाइंस के खिलाफ नाराजगी जताई है। बताया जा रहा है कि विमान में बैठे कुछ यात्रियों ने डर के कारण अपने परिजनों को मोबाइल पर संदेश भेजे, जबकि कुछ लोग भगवान से प्रार्थना करते हुए रो पड़े। घटना को लेकर हुब्बली हवाई अड्डे के प्रभारी निदेशक प्रवीन एम. जाधव ने कहा कि खराब मौसम और तेज तूफान के कारण विमान को हुब्बली में उतारना संभव नहीं था। विमान में 18 यात्री सवार थे। यात्रियों ने कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर जो शिकायत की है, उस पर संबंधित एयरलाइंस से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
