हिमाचल में 24 अप्रैल से बदलेगा मौसम, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल में 24 अप्रैल से बदलेगा मौसम, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

Date : 21-Apr-2026

 शिमला, 21 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया है। खासकर निचले और मैदानी इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन यानी 22 और 23 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 24 अप्रैल से मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 24 अप्रैल को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में गरज के साथ बारिश और कुछ जगहों पर बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 25 और 26 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इन दिनों के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। 27 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है, लेकिन उस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम में इस बदलाव से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर खराब मौसम जनजीवन को प्रभावित भी कर सकता है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किए जा रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके बाद किन्नौर के कल्पा में 6.6, सराहन में 9.1, सियोबाग में 9.5, भुंतर में 10.9, बरठीं में 11.8, मनाली में 12.9, सुंदरनगर में 13.4, सोलन में 13.5, शिमला और मंडी में 14.6, पालमपुर में 15.0, कांगड़ा में 15.4, बिलासपुर में 15.5, धर्मशाला और ऊना में 16.2, नाहन में 16.9 और जुब्बड़हट्टी में 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों में सावधानी बरतने को कहा गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement