पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान : दो विधानसभा के 15 केंद्राें पर दोपहर एक बजे तक 55.57 प्रतिशत मतदान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान : दो विधानसभा के 15 केंद्राें पर दोपहर एक बजे तक 55.57 प्रतिशत मतदान

Date : 02-May-2026

 कोलकाता, 02 मई । दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान सुचारू रूप से और शांतिपूर्वक चल रहा है। शनिवार दोपहर एक बजे तक 55.57 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। दिन चढ़ने के साथ-साथ मतदान की गति भी बढ़ती प्रतीत हो रही है। पहले दो घंटों में औसत मतदान 16 प्रतिशत था जो अगले दो घंटों में यानि सुबह 11 बजे तक 37 प्रतिशत को पार कर गया था। फिलहाल, अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

दोपहर एक बजे तक मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों पर 56.33 प्रतिशत मतदान हुआ है जबकि डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर 54.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में शनिवार को डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के चार और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ। मतदान सुबह 7 बजे प्रारंभ हुई जाे शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान के दौरान मिली गड़बड़ियों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए निर्वाचन आयोग ने दाे विधानसभा क्षेत्र के 15 बूथाें पर पुनर्मतदान का फैसला लिया था। जिन बूथों पर मतदान हो रहा है, उनमें मगराहाट पश्चिम के बूथ संख्या 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 एवं 232 तथा डायमंड हार्बर के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 शामिल हैं।

सुबह से ही सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। केंद्रीय बलों के जवानों के साथ राज्य पुलिस भी मुस्तैदी से तैनात है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर भीड़ जमा होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है।

मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement