मप्रः मुख्यमंत्री आज ग्वालियर प्रवास पर, राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन में होंगे शामिल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मप्रः मुख्यमंत्री आज ग्वालियर प्रवास पर, राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन में होंगे शामिल

Date : 04-May-2026

 भोपाल, 04 मई । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सोमवार को ग्वालियर के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री विभागीय योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रात:काल लगभग 10 बजे विमान द्वारा राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पहुँचेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 12.30 बजे ग्वालियर व्यापार मेला परिसर पहुँचकर “राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन” में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में मध्य प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाने और दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। वर्ष-2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा ग्वालियर जिले में राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों के करीब 20 हजार पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, लाभान्वित हितग्राही, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालक शामिल होंगे। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उन्नत पशुपालन को बढ़ावा देने और सहकारिता के माध्यम से पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही मैत्री कार्यकर्ता, उदाहरणीय पशुपालक और क्षीरधारा ग्रामों के सरपंच सहित सहकारी दुग्ध समिति के सदस्य मुख्यमंत्री डॉ. यादव से अपने अनुभव साझा करेंगे।

मेला ग्राउंड ग्वालियर में होने वाले सम्मेलन में पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा दुग्ध उत्पादन और सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement