केरल मतगणना: शुरुआती रुझानों में यूडीएफ को बढ़त, एलडीएफ पीछे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

केरल मतगणना: शुरुआती रुझानों में यूडीएफ को बढ़त, एलडीएफ पीछे

Date : 04-May-2026

 नई दिल्ली, 04 मई। केरल विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) स्पष्ट बढ़त बनाता नजर आ रहा है। यूडीएफ 101 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) लगभग 37 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

चुनाव आयोग के अनुसार यूडीएफ के प्रमुख घटक दल कांग्रेस 62 और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) 23 सीटों पर आगे चल रही हैं। इनमें मंजेश्वरम, कासरगोड, कुट्टियाडी, पेरंबरा, कोझिकोड दक्षिण, कुन्नामंगलम, कोडुवल्ली, तिरुवंबदी, कोंडोट्टी, एर्नाड, मंजेरी, पेरिंथलमन्ना, मांकडा, मलप्पुरम, वेंगारा, वल्लिकुन्नु, तिरुरंगाडी, तनूर, तिरुर, कोट्टक्कल, मन्नारक्कड़, गुरुवयूर और कलामासेरी जैसी सीटें शामिल हैं।

इस बीच धर्मदम विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार अधिवक्ता वीपी अब्दुल रशीद से नौ राउंड की मतगणना के बाद 2,892 वोटों से आगे चल रहे हैं। इससे पहले शुरुआती राउंड में वे पीछे चल रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने बढ़त बना ली।

उल्लेखनीय है कि केरल के इस चुनावी मुकाबले में कुल 883 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्यमंत्री विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहा है, जबकि यूडीएफ अपनी खोई राजनीतिक जमीन वापस पाने के प्रयास में है। दूसरी ओर राजग राज्य में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और खाता खोलने की उम्मीद लगाए हुए है।

राज्य की 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को 78.27 प्रतिशत मतदान हुआ था। अब जारी मतगणना के साथ यह स्पष्ट हो जाएगा कि केरल की जनता ने किसे सत्ता की बागडोर सौंपने का फैसला किया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement