हिमाचल में 11-12 मई को फिर आंधी-बारिश का अलर्ट, पारा शून्य के करीब पहुंचा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल में 11-12 मई को फिर आंधी-बारिश का अलर्ट, पारा शून्य के करीब पहुंचा

Date : 06-May-2026

 शिमला, 06 मईहिमाचल प्रदेश में एक बार फिर 11 और 12 मई को आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इन दो दिनों में कई स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गर्जन और बारिश हो सकती है। इससे पहले भी राज्य में पिछले चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है और मई महीने में दिसंबर जैसी ठंड महसूस की जा रही है।

प्रदेश के जनजातीय इलाकों, खासकर लाहौल-स्पीति में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी भी हुई है, जिससे औसतन न्यूनतम तापमान में करीब 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी इलाकों शिमला और मनाली में ठंड का असर साफ देखा जा रहा है, जबकि निचले और मैदानी क्षेत्रों में भी उमस खत्म होकर मौसम सुहावना बना हुआ है।

राज्य के विभिन्न शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति जिला के ताबो में 0.8 डिग्री, कल्पा में 3.5, कुकुमसेरी में 4.8, मनाली में 8.2, सेओबाग में 8.7, शिमला में 9.0, सराहन में 9.9, भुंतर में 10.0, सोलन में 10.2, धर्मशाला में 11.2, पालमपुर में 12.0, सुंदरनगर में 14.5, नाहन में 15.1, कांगड़ा में 15.2, मंडी और बरठीं में 15.4, बिलासपुर में 16.5, ऊना में 16.8, जुब्बड़हट्टी में 17.6 और पांवटा साहिब व देहरा गोपीपुर में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बीते 24 घंटों के दौरान शिमला में 17 मिमी, नाहन में 12 मिमी, काहू में 7 मिमी, बरठीं में 6 मिमी, जबकि सराहन, सोलन और पालमपुर में करीब 5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान शिमला, जुब्बड़हट्टी, सुंदरनगर, कांगड़ा और जोत में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, हालांकि किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है।

लगातार हो रही बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खासकर सेब और अन्य गुठलीदार फलों पर इसका असर पड़ा है। वहीं निचले इलाकों में गेहूं की कटाई और पिसाई का काम प्रभावित हुआ है और कई जगह भीगने से फसल खराब हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आज और कल 7 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 8 से 10 मई तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 11 और 12 मई को फिर से कई स्थानों पर आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement