पश्चिमी सिंहभूम, 06 मई ।
पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए मंगलवार देर रात शहर में विशेष जांच अभियान चलाया।
इस दौरान खान निरीक्षक देवानंद शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया गया।
अभियान के तहत पोस्ट ऑफिस चौक पर जांच के दौरान एक ट्रैक्टर को रोका गया, जिसमें करीब 100 घनफीट बालू लदा हुआ था। जांच में चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान नहीं पाया गया, जिसके बाद ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।
इसी क्रम में बस स्टैंड चौक पर एक हाईवा को पकड़ा गया, जिसमें लगभग 1200 घनफीट गिट्टी लदी हुई थी। चालक की ओर से प्रस्तुत चालान में मात्र 500 सीएफटी गिट्टी का ही उल्लेख था, जो वास्तविक मात्रा से काफी कम पाया गया। इसे ओवरलोड और फर्जी विवरण के तहत जब्त किया गया।
खान निरीक्षक ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। जब्त दोनों वाहनों को झारखंड मिनरल रूल्स-2017 (संशोधित-2026) के तहत जुर्माना वसूली होने तक सदर थाना को सौंप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
