पटना में आज दोपहर सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार, शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मेगा रोड शो | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पटना में आज दोपहर सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार, शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मेगा रोड शो

Date : 07-May-2026

 पटना, 07 मई । बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण आज 12:10 बजे से शुरु होगा। इसकी तैयारी पूरी हो गई है। शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पटना में रोड शो करेंगे।

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के बाद बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम को भव्य बनाया जा रहा है। इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में जदयू, भाजपा, लोजपा (आर), हम और रालोमो की तरफ से मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ लेंगे। ये पहली बार हो रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ गांधी मैदान में हो रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह को खास और आकर्षित बनाने के लिए पटना के गांधी मैदान में बड़ा पंडाल बनाया गया है। चूंकि मौसम अनुकूल नहीं है इस वजह से जर्मन पंडाल के अंदर मंच बनाया गया है, जहां बिहार मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में पटना और आसपास के कई विधानसभा क्षेत्र के लोग, भाजपा के कार्यकर्ता, जदयू के कार्यकर्ता, लोजपा (रामविलास), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

प्रदेश भाजपा कार्यालय के मुताबिक प्रधानमंत्री सुबह 10:30 बजे पटना एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो करेंगे। इस रोड शो में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी रहेंगे। गांधी मैदान में 12:10 बजे मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह किया जाएगा।

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि कार्यक्रम में पूरे बिहार से बड़ी संख्या में लोग आएंगे। प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। उनके अनुसार, यह माहौल पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाता है।

प्रशासन की पूरी तैयारी



शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की सुरक्षा को देखते हुए सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक या कार्यक्रम समाप्ति तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। केवल आपातकालीन सेवाओं, आमंत्रित अतिथियों और पास धारक वाहनों को ही छूट दी जाएगी।

पटना पुलिस की गुप्त शाखा के ट्रैफिक प्लान के अनुसार, डुमरा टीओपी (शेखपुरा मोड़) से एयरपोर्ट तक, एयरपोर्ट गोलंबर से पटेल गोलंबर, राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर, तथा पटेल गोलंबर से आयकर गोलंबर तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा। इसके अलावा चितकोहरा गोलंबर से उत्तर, गर्दनीबाग आरओबी और आर ब्लॉक आरओबी के उत्तर क्षेत्र में भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

बेली रोड पर बोरिंग रोड क्रॉसिंग से लेकर आयकर गोलंबर तक दोनों ओर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। आयकर गोलंबर से डाकबंगला, जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक, कारगिल चौक और चिल्ड्रेन पार्क तक का मार्ग भी आम वाहनों के लिए निषिद्ध रहेगा। वहीं पटना जंक्शन से डाकबंगला की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक लगाई गई है।

गांधी मैदान के आसपास कड़ी सुरक्षा

गांधी मैदान के चारों ओर किसी भी प्रकार के वाहन, ठेला या खोमचा की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। मैदान के अंदर भी किसी वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा। भट्टाचार्य मोड़ से गांधी मैदान की ओर तथा ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज से पश्चिम दिशा में भी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क के बीच का मार्ग केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए सुरक्षित रखा गया है। इस मार्ग से एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाएं पीएमसीएच सहित अन्य अस्पतालों तक पहुंचेंगी। आम नागरिकों के लिए इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

विशिष्ट और अति विशिष्ट अतिथियों के लिए गांधी मैदान के विभिन्न गेटों से प्रवेश और पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर 1 से प्रवेश करेगा, जबकि मंत्रीगण और मंचासीन अतिथि गेट नंबर 12 से प्रवेश करेंगे। मीडिया कर्मियों के लिए गेट नंबर 11 निर्धारित किया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement