भोपाल, 17 मई । मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा सहायक कुल सचिव परीक्षा-2025 का आयोजन आज रविवार को किया जा रहा है। परीक्षा एक सत्र में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगी। इसके जरिए कुल 12 पद भरे जाएंगे। आयोग के अनुसार इस परीक्षा में लगभग 12 हजार उम्मीदवार शामिल होंगे।
सहायक कुल सचिव परीक्षा के लिए इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी और उम्मीदवारों को ओएमआर शीट पर जवाब भरने होंगे। आयोग ने बताया है कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। यानी गलत जवाब देने पर अंक काटे जाएंगे।
एमपीपीएससी ने परीक्षा से जुड़े कुछ जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं। उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
ग्वालियर शहर में तीन परीक्षा केन्द्रों पर कुल 1277 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। नोडल अधिकारी एवं परीक्षा प्रभारी संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने बताया परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर प्रातः 10:30 बजे तक अनिवार्य रूप से पहुंचना होगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्र पर जूते एवं मोजे पहनकर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थी केवल चप्पल या सैंडल पहनकर ही प्रवेश कर सकेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, किसी भी प्रकार की घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बेल्ट, बालों में लगाने वाले क्लचर, बक्कल और हाथ के बैंड सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना वर्जित रहेगा। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकेंगे।
त्रि-स्तरीय जांच से गुजरेंगे अभ्यर्थी
परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पहले चरण में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण होगा। दूसरे चरण में प्रवेश परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीव्ही कैमरों से निगरानी की जाएगी। कलेक्टर कार्यालय में डिजिटल कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से परीक्षा गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
सीसीटीव्ही और डिजिटल कंट्रोल रूम से सतत निगरानी, कंट्रोल रूम स्थापित
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीव्ही कैमरों से निगरानी की जाएगी। कलेक्टर कार्यालय में डिजिटल कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से परीक्षा गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कलेक्ट्रेट ग्वालियर के कक्ष क्रमांक-113 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 17 मई को प्रातः 8 बजे से परीक्षा समाप्ति तक लगातार कार्यशील रहेगा। कंट्रोल रूम का संचालन अधीक्षक जिला कार्यालय आर.आई. भगत के निर्देशन में होगा।
