कोलकाता के पांच सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सचिव का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और बुनियादी ढांचे का लिया जायजा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कोलकाता के पांच सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सचिव का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और बुनियादी ढांचे का लिया जायजा

Date : 17-May-2026

 कोलकाता, 17 मई । राज्य के स्वास्थ्य सचिव नारायणस्वरूप निगम ने शनिवार रात को कोलकाता के कई सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। अस्पतालों की साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए यह दौरा किया गया।

सूत्रों के अनुसार, गत गुरुवार को स्वास्थ्य सचिव ने कोलकाता के पांच मेडिकल कॉलेजों और चार शिक्षण संस्थान अस्पतालों के प्राचार्यों तथा उप-प्राचार्यों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की थी। बैठक में अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर कई सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बाद शनिवार रात को उन्होंने स्वयं अस्पतालों का निरीक्षण किया।

सबसे पहले स्वास्थ्य सचिव नेशनल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, नीलरतन सरकार मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल और एसएसकेएम अस्पताल का दौरा किया।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सचिव ने उप-प्राचार्य सप्तर्षि चट्टोपाध्याय सहित अन्य चिकित्सकों और अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में अस्पताल की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा की गई।

बताया जा रहा है कि इस सप्ताह राज्य की नगर विकास तथा महिला एवं बाल कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अस्पतालों का दौरा कर वहां की अव्यवस्था और गंदगी को लेकर गहरा असंतोष जताया था। इसके बाद ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ।

स्वास्थ्य भवन के सूत्रों के मुताबिक, अस्पताल परिसरों में अस्वास्थ्यकर वातावरण, गंदे शौचालय और निगरानी व्यवस्था की कमी को लेकर अस्पताल प्रशासन को कड़ा संदेश दिया गया है। निर्देश दिया गया है कि केवल शौचालय ही नहीं, बल्कि वार्ड और कॉरिडोर भी साफ-सुथरे रखे जाएं।

सूत्रों का दावा है कि अस्पताल के विभिन्न हिस्सों की दिन में कम से कम तीन बार सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि सफाई कार्य नियमित रूप से हो रहा है या नहीं, इसकी निगरानी भी की जाएगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement