बिलासपुर में स्कूल की मनमानी पर प्रशासन सख्त, कैंपस में चल रही यूनिफॉर्म दुकान सील | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिलासपुर में स्कूल की मनमानी पर प्रशासन सख्त, कैंपस में चल रही यूनिफॉर्म दुकान सील

Date : 23-May-2026

 बिलासपुर, 23 मईबिलासपुर में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सेंट जेवियर्स स्कूल में अभिभावकों से यूनिफॉर्म और कॉपी-किताबें एक तय दुकान से खरीदने का दबाव बनाने की शिकायतों के बाद प्रशासनिक टीम ने स्कूल परिसर में छापेमारी की। जांच के दौरान स्कूल कैंपस के भीतर नियमों के खिलाफ दुकान संचालित होती मिली, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान बंद करा दी गई।

वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आया प्रशासन
मामले ने उस समय तूल पकड़ा जब स्कूल परिसर में ड्रेस और अन्य सामग्री की ओवररेटिंग का वीडियो सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार टांडे के नेतृत्व में टीम ने स्कूल पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि स्कूल परिसर के भीतर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं और अभिभावकों को वहीं से सामान खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा था।

नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी
जांच के दौरान दुकान में मौजूद महिला द्वारा तय कीमत से ज्यादा दर पर ड्रेस बेचे जाने की बात भी सामने आई। प्रशासन ने मौके पर ही दुकान बंद करवाकर स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साफ कहा है कि किसी भी स्कूल को कैंपस के भीतर किताब, कॉपी या यूनिफॉर्म बेचने की अनुमति नहीं है। शासन के नियमों के मुताबिक अभिभावकों को किसी एक दुकान से सामान खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर आर्थिक दबाव या मोनोपॉली को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अन्य निजी स्कूल भी प्रशासन के रडार पर
इस कार्रवाई के बाद शहर के निजी स्कूलों और किताब-यूनिफॉर्म कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य स्कूलों की भी जांच की जाएगी। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement