धमतरी पुलिस को मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन, घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

धमतरी पुलिस को मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन, घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

Date : 23-May-2026

 धमतरी, 23 मई। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धमतरी पुलिस को उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन का शनिवार को पुलिस लाइन रूद्री धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में शुभारंभ किया गया। महापौर जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया।

धमतरी पुलिस द्वारा लगातार गंभीर अपराधों, संवेदनशील प्रकरणों एवं संगीन मामलों की निष्पक्ष, प्रभावी एवं वैज्ञानिक तरीके से विवेचना की जा रही है। मजबूत अनुसंधान, साक्ष्य आधारित कार्रवाई एवं प्रभावी अभियोजन के परिणामस्वरूप वर्ष 2026 में अब तक धमतरी पुलिस की विवेचना के आधार पर 6 आरोपितों को आजीवन कारावास की सजा भी प्राप्त हुई है।

एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जुड़ने से विवेचना प्रणाली और अधिक आधुनिक, त्वरित एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनेगी। यह हाईटेक मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा अन्य तकनीकी जांच कार्य करने में सक्षम होगी। इससे घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण संभव हो सकेगा और न्यायालय में अपराधियों के विरुद्ध मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों हेतु एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।

धमतरी जिले के लिए शासन द्वारा प्रदान की गई इस अत्याधुनिक वैन को वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल धमतरी लेकर पहुंचे। महापौर जगदीश रामू रोहरा ने धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग और वैज्ञानिक अनुसंधान की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन जैसी सुविधा से अपराधों की जांच और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं प्रभावी होगी। पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने हाल के कई चुनौतीपूर्ण प्रकरणों के निराकरण के लिए धमतरी पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि इस वैन से विवेचना को और अधिक बल मिलेगा तथा पुलिस के हाथ मजबूत होंगे।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुके हैं। एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही तत्काल वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन एवं तकनीकी परीक्षण संभव हो सकेगा, जिससे विवेचना और अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मजबूत बनेगी। वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल ने एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं एवं उसमें उपलब्ध अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों की जानकारी देते हुए बताया कि यह यूनिट घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच करने में सक्षम है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एफएसएल टीम, मीडिया प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement