जगदलपुर, 23 मई । कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देश के शीर्ष नेतृत्व पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इस अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आज शनिवार काे आसना चौक पर एकत्रित होकर राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला बाेलते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रति की गई अमर्यादित एवं अशोभनीय टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं का भी घोर अपमान है। उन्हाेंने कहा कि जिस पद की गरिमा और जिम्मेदारी का निर्वहन नेता प्रतिपक्ष को करना चाहिए, उसी पद की मर्यादा को राहुल गांधी ने अपनी असभ्य एवं अलोकतांत्रिक भाषा से तार-तार करने का काम किया है। देश की जनता ऐसे अहंकारी, गैरजिम्मेदार और स्तरहीन राजनीतिक आचरण को कभी स्वीकार नहीं करेगीl उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगनी चाहिए। इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, वरिष्ठ भाजपा नेता और भारी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
