पश्चिम बंगाल में लागू होगा एनएचएम, केंद्र ने मंजूर किए 2103 करोड़ : मुख्यमंत्री | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।" — विंस्टन चर्चिल

National

पश्चिम बंगाल में लागू होगा एनएचएम, केंद्र ने मंजूर किए 2103 करोड़ : मुख्यमंत्री

Date : 30-May-2026

 
कोलकाता, 30 मई । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) लागू किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने 2103 करोड़ की मंजूरी दी है, जिनमें से 527 करोड़ रुपये की पहली किस्त राज्य को प्राप्त हो चुकी है।

कोलकाता में स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्राप्त धनराशि का उपयोग स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना के तहत 1.36 करोड़ से अधिक परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से राज्य की बड़ी आबादी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

उन्हाेंने यह भी कहा कि राज्य के जिला अस्पतालों की निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं। इन नियंत्रण कक्षों के माध्यम से अस्पतालों के कामकाज की नियमित समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी तथा आम लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement