उत्तर बंगाल में प्री-मानसून बारिश के आसार, दक्षिण बंगाल में गर्मी और उमस जारी | The Voice TV

Quote :

"जिस व्यक्ति ने कभी कोई गलती नहीं की, उसने कभी कुछ नया करने की कोशिश नहीं की।" — अल्बर्ट आइंस्टीन

National

उत्तर बंगाल में प्री-मानसून बारिश के आसार, दक्षिण बंगाल में गर्मी और उमस जारी

Date : 04-Jun-2026

 कोलकाता, 04 जून । अलीपुर मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के सभी जिलों में अगले मंगलवार तक प्री-मानसून बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र के अधिकांश जिलों में भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण बंगाल में गर्मी और उमस से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है, हालांकि बीच-बीच में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर बंगाल में होने वाली यह वर्षा प्री-मानसून गतिविधि का हिस्सा है। गुरुवार से लेकर अगले मंगलवार तक दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार सहित लगभग सभी जिलों में बिखरी हुई बारिश और कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को केरल में मानसून के प्रवेश की संभावना है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी पहुंच सकता है। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में मानसून पहले ही प्रवेश कर चुका है। सामान्यतः भारतीय मुख्य भूभाग में मानसून का प्रवेश एक जून तक हो जाता है, लेकिन इस वर्ष केरल में अभी तक मानसून नहीं पहुंचा है।

दूसरी ओर दक्षिण बंगाल में गर्मी और उमस बनी रहेगी। हालांकि शुक्रवार और रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व मेदिनीपुर जिलों में बारिश और आंधी की संभावना अधिक है।

कोलकाता में भी गर्म और उमस भरा मौसम जारी रहेगा। हालांकि शहर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिखरी हुई बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार से रविवार के बीच कोलकाता तथा आसपास के जिलों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बंगाल में बारिश के बावजूद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement