बरेली, 4 जून । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र में हिंद टॉकीज के पास गुरुवार सुबह बिजली के केबिल बॉक्स में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। आग की घटना में केबिल बॉक्स पूरी तरह जल गया, हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हिंद टॉकीज के पास सड़क किनारे रखे कूड़े में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में लगे बिजली के केबिल बॉक्स को अपनी चपेट में ले लिया। केबिल बॉक्स से उठती तेज लपटें और धुएं को देखकर आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास लगे अन्य विद्युत उपकरण और दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। आग लगने से केबिल बॉक्स पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की सूचना विद्युत विभाग को भी दे दी गई है, ताकि बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल कराया जा सके।
