दो वर्ष पहले जनता ने परिवर्तन का ऐतिहासिक जनादेश दिया : मुख्यमंत्री मोहन माझी | The Voice TV

Quote :

"जिस व्यक्ति ने कभी कोई गलती नहीं की, उसने कभी कुछ नया करने की कोशिश नहीं की।" — अल्बर्ट आइंस्टीन

National

दो वर्ष पहले जनता ने परिवर्तन का ऐतिहासिक जनादेश दिया : मुख्यमंत्री मोहन माझी

Date : 04-Jun-2026

 दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता का जताया आभारभुवनेश्वर, 04 जून । ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने 4 जून को राज्य के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण दिवस बताते हुए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्ष पूर्व इसी दिन ओडिशा की जनता ने परिवर्तन का संकल्प लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में ऐतिहासिक और स्पष्ट जनादेश दिया था।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि जनता के इस पवित्र जनादेश ने न केवल एक सशक्त सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त किया, बल्कि लंबे समय से चली आ रही स्थिरता और जड़ता को समाप्त कर एक स्वच्छ, समृद्ध और प्रगतिशील ओडिशा के निर्माण की मजबूत नींव भी रखी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के आदर्शों से प्रेरित होकर राज्य की डबल इंजन सरकार ने पिछले दो वर्षों में केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों के माध्यम से ओडिशा में विकास के एक नए युग की शुरुआत की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य के प्रत्येक वर्ग के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता का अटूट विश्वास और समर्थन सरकार के संकल्प को और अधिक मजबूत बना रहा है।

मोहन माझी ने विश्वास व्यक्त किया कि सेवा और विकास के माध्यम से ओडिशा को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे ‘विकसित भारत’ के साथ-साथ ‘समृद्ध ओडिशा’ के निर्माण के इस अभियान में सहभागी बनें और राज्य को विकास एवं समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दें।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement