हर हाथ में पौधा, हर दिल में प्रकृति प्रेम, ब्रह्माकुमारीज़ ने दिया हरित भविष्य का संदेश | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

हर हाथ में पौधा, हर दिल में प्रकृति प्रेम, ब्रह्माकुमारीज़ ने दिया हरित भविष्य का संदेश

Date : 05-Jun-2026

 मीरजापुर, 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को जनपद मीरजापुर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के प्रभु उपहार भवन में प्रकृति और आध्यात्मिकता का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक भाई-बहन अपने साथ एक पौधा लेकर पहुंचे और सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर धरती को हराभरा बनाने का संकल्प लिया। परिसर में पौधारोपण के दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का विशेष वातावरण रहा। प्रतिभागियों ने केवल पौधे ही नहीं लगाए, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प लिया।

इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प कराते हुए कहा कि प्रकृति मानव जीवन की आधारशिला है और इसकी रक्षा करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल बाहरी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत मनुष्य की आंतरिक चेतना से होती है। जब विचार शुद्ध, सकारात्मक और प्रकृति के प्रति सम्मान से भरपूर होते हैं, तब जीवनशैली भी पर्यावरण के अनुकूल बन जाती है। प्रकृति के प्रति प्रेम, कृतज्ञता और जिम्मेदारी का भाव विकसित कर ही हम आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण दे सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र से जुड़े भाई-बहन, माताएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आध्यात्मिक ऊर्जा, पर्यावरण जागरूकता और सामूहिक संकल्प से ओत-प्रोत यह आयोजन लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement