भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी के नाम बदलने पर कांग्रेस की टिप्पणी की आलोचना की है। श्री नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का रवैया राजनीतिक अपच का बड़ा उदाहरण है और कांग्रेस पार्टी एक साधारण सा तथ्य को स्वीकार करने में असमर्थ है कि एक वंश से परे हटकर भी देश में नेता हैं।
श्री नड्डा ने ट्वीट संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री संग्रहालय राजनीति से अलग हटकर किया गया एक प्रयास है और कांग्रेस के पास इसे महसूस करने के लिए दृष्टि की कमी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संग्रहालय में प्रत्येक प्रधानमंत्री को सम्मान दिया गया है और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से संबंधित खंड में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। श्री नड्डा ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी का दृष्टिकोण पिछले सभी प्रधानमंत्रियों की विरासत को मिटाना है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल एक परिवार की विरासत शेष रहे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक ऐसी पार्टी, जिसने 50 साल से अधिक समय तक भारत पर शासन किया, उसकी संकीर्ण मानसिकता वास्तव में दुखद है। उन्होंने कहा कि यही कारण है, लोग कांग्रेस को नकार रहे हैं।
इससे पहले नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम बदलने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि यह भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस की निम्न मनोवृत्ति और तानाशाही रवैये को दर्शाता है।
