असम के 22 जिलों में बाढ़ का कहर, 1366 गांवों के 4.95 लाख लोग प्रभावित | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

असम के 22 जिलों में बाढ़ का कहर, 1366 गांवों के 4.95 लाख लोग प्रभावित

Date : 22-Jun-2023

 गुवाहाटी, 22 जून  । असम में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक राज्य के 22 जिलों के 4.95 लाख से अधिक नागरिक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य में पांच नदियां छह स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसमें बेकी (रोड ब्रिज), मानस (एनएच रोड क्रॉसिंग), पगलादिया (एनटी रोड क्रॉसिंग), पुठिमारी (एनएच रोड क्रॉसिंग) और ब्रह्मपुत्र (धुबरी; निमातीघाट) शामिल हैं। कई नदियों के तटबंध टूट गए और सड़कों को भी नुकसान हुआ है। प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आज बाढ़ प्रभावित जिलों के आंकड़े जारी किए गये हैं। बाढ़ प्रभावित 22 जिलों में 20 ग्रामीण और दो ऐसे जिले हैं, जिनका शहरी इलाका बाढ़ प्रभावित है। तीन जिले ऐसे हैं, जिनके शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बाढ़ आई है। बाढ़ प्रभावित ग्रामीण जिलों में बजाली, बाक्सा, बरपेटा, बिश्वनाथ, बंगाईगांव, चिरांग, दरंग, धेमाजी, धुबड़ी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजाई, कामरूप (ग्रामीण), कोकराझार, लखीमपुर, माजुली, नगांव, नलबाड़ी, शोणितपुर और तामुलपुर शामिल हैं। तीन जिलों के शहरी क्षेत्र बजाली, दरंग, जोरहाट, कामरूप (मेट्रो) औऱ कोकराझार में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। बजाली, दरंग और कोकराझार के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बाढ़ आई है। बाढ़ से 58 राजस्व सर्किल अंतर्गत 1366 गांवों के 4 लाख 95 हजार 799 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से कुल 14091.90 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।

बाढ़ प्रभावितों के लिए कुल 83 राहत शिविर स्थापित किये गये हैं जबकि 79 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं। राहत शिविरों में कुल 14035 लोग आश्रय लिये हुए हैं। बाढ़ से आज तामुलपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। बाढ़ से राज्य के कुल 3 लाख 46 हजार 639 पशु धन प्रभावित हुए हैं। इनमें बड़े पशुओं की कुल संख्या 1 लाख 68 हजार 382 और छोटे पशुओं की 1 लाख 37 हजार 459 है जबकि 40 हजार 798 कुक्कुट भी प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी में कुल 90 पशु बह गये। इनमें 10 छोटे पशु एवं 80 कुक्कुट शामिल हैं। आज नलबाड़ी जिले में एक मकान पूरी तरह से तबाह हो गया। बाक्सा जिले में एक घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया जबकि कोकराझार में एक झोपड़ी बाढ़ के पानी में बह गयी।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, एसएसबी के साथ जिला प्रशासन की टीमें तथा मेडिकल टीमें भी तैनात की गयी हैं। अब तक विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों से 561 नागरिकों तथा 43 पशुओं को नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव कार्यों में 19 नावों को तैनात किया गया है जबकि 58 मेडिकल टीमें अपनी सेवाएं बाढ़ प्रभावित इलाकों में दे रही हैं।

बाढ़ प्रभावितों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें 1019.97 क्विंटल चावल, 189.10 क्विंटल दाल, 55.93 क्विंटल नमक, 5269.80 लीटर सरसों का तेल, पशुओं के लिए गेहूं का चोकर 4774.87 क्विंटल और चावल की भूसी 15.00 क्विंटल शामिल हैं।

राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी तरह के आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement