अखिल भारतीय शिक्षा समागम में मध्यप्रदेश ने प्रदर्शित कीं अपनी उपलब्धियां | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

अखिल भारतीय शिक्षा समागम में मध्यप्रदेश ने प्रदर्शित कीं अपनी उपलब्धियां

Date : 29-Jul-2023

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम् में अखिल भारतीय शिक्षा समागम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश ने नव भारत साक्षरता कार्यक्रम में प्रदेश की उपलब्धियों के साथ ही, सीएम राइज़ स्कूल और सहयोगी संस्था पीपल के सहयोग से संचालित सीएम राइज टीचर प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम् और सांस्कृतिक कार्यक्रम अनुगूंज से प्राप्त सुखद परिणामों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया।

प्रदर्शनी में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मध्यप्रदेश की अक्षर साथी अर्चना सिंह और नवसाक्षर ललिता काछी से भेंट कर उनकी सफलता पर खुशी जाहिर की। इस दौरान प्रधान ने नवसाक्षर महिला ललिता काछी से कहा कि मैं धर्मेंद्र प्रधान हूँ, क्या आप मेरा नाम लिख देंगी। ललिता देवी ने तत्काल एक कागज पर उनका नाम लिखकर केन्द्रीय मंत्री प्रधान को सौंप दिया। शिक्षा मंत्री प्रधान ने मध्यप्रदेश की साक्षरता गतिविधियों की प्रशंसा की और ललिता के द्वारा लिखा कागज मध्यप्रदेश की ओर से भेंट स्वरूप निरूपित करते हुए अपने पास रख लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के अलावा शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, संयुक्त सचिव रचना शर्मा अवस्थी के साथ ही बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों, शिक्षकों और दिल्ली तथा आस पास के शालेय विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश के प्रदर्शनी स्टाल का अवलोकन किया और प्रदेश में संचालित स्कूली गतिविधियों की सराहना की। मप्र के प्रदर्शनी स्टाल पर राज्य की स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी, राज्य शिक्षा केन्द्र संचालक धनराजू एस, लोक शिक्षण संचालक दिनेश कुशवाह, अपर संचालक शीतांशु शुक्ला उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनी में प्रदेश के स्टाल का निर्माण राज्य शिक्षा केन्द्र ने कार्यालयीन रूप से किया है। जिसके नोडल अधिकारी मीडिया समन्वयक अमिताभ अनुरागी और सह नोडल अधिकारी प्रौढ़ शिक्षा कार्यक्रम नियंत्रक डॉ. राकेश दुबे हैं। प्रदर्शनी स्टाल के निर्माण में पीपल संस्था की वसुंधरा कुमार, राजेश सोलंकी और ऋतु तोकस और राज्य शिक्षा केंद्र की सह समन्वयक ऊर्वशी श्रीवास्तव, जबलपुर के जिला सह समन्वयक प्रकाश चंदेल, हाई स्कूल भेरुन्दा के प्रभारी प्राचार्य संतोष धनवारे, देवास के विकासखण्ड समन्वयक गिरिधर त्रिवेदी, शिक्षक मनीष मुनटवार की विशेष भूमिका रही है। प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद से ही देर शाम तक प्रदेश के स्टाल पर भीड़ उमड़ती रही। इस दौरान लोगो की विशेष उत्सुकता प्रदेश के सीएम राइज़ स्कूलों की कार्यप्रणाली को समझने में रही।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement