सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने संसद का समय बर्बाद करने और पेश किए गए विधेयकों पर चर्चा से बचने के लिए कांग्रेस की आलोचना की है। चेन्नई में आज मीडिया से बातचीत में श्री ठाकुर ने कांग्रेस के दोहरे मानदंडों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन में पेश किए गए 21 विधेयकों पर चर्चा से दूर रही, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए दिल्ली सेवा विधेयक में भागीदारी की।
मणिपुर के बारे में उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा रोकने के लिए चार दिनों के लिए राज्य का दौरा किया और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
श्री ठाकुर ने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत की आकांक्षा पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश के कई हिस्सों में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे में मोदी सरकार के निवेश की प्रशंसा की। श्री ठाकुर ने कहा कि सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में खेलों के विकास के लिए सर्वाधिक धनराशि आवंटित की है। खेल मंत्री ने चीन में हुए विश्व विश्वविद्यालय खेलों में 26 पदक जीतकर भारत के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख किया। उन्होंने थॉमस कप खिताब जीतकर इतिहास रचने के लिए भारतीय खिलाडियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की।
