गैस किल्लत व महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, 3 अप्रैल को पटना कूच की तैयारी
सीवान, 02 अप्रैल । गैस की किल्लत, बिजली एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को सीवान जिले के विभिन्न प्रखंडों में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता झंडे-बैनर के साथ सड़कों पर उतरे और कई स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।
सीवान शहर के अलावा महाराजगंज, दरौंदा, बड़हरिया, हुसैनगंज, भगवानपुर हाट, जीरादेई, गुठनी, गोरियाकोठी, बसंतपुर, मैरवा, रघुनाथपुर, पचरूखी, हसनपुरा, लकड़ी नवीगंज और सिसवन प्रखंडों में व्यापक प्रदर्शन किए गए।
पुतला दहन के बाद आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि गैस संकट कोई संयोग नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की असफल विदेश नीति का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान से सस्ती दर पर मिलने वाले कच्चे तेल को छोड़कर अमेरिका से महंगे तेल की खरीद ने संकट को और गहरा कर दिया है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई और महंगाई बढ़ी।
महाराजगंज कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर भाई ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि से गरीब, किसान और मध्यम वर्ग बुरी तरह प्रभावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में एलपीजी की सप्लाई में भारी कटौती से लोगों को लंबी कतारों और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में बिजली की दरें पहले से ही ऊंची हैं, इसके बावजूद बढ़ोतरी और मनमानी वसूली से आम जनता परेशान है। उन्होंने सरकार से तत्काल बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने की मांग की, अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विधु शेखर पाण्डेय ने पेट्रोल-डीजल पर केंद्र सरकार की नीति को भी जनविरोधी बताते हुए कहा कि एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती नाकाफी है और आम लोगों को राहत नहीं मिल रही है। कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने एलपीजी सिलेंडर की कीमत 500 रुपये से नीचे लाने, 12 रिफिल तक सब्सिडी बहाल करने और गैस की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की।
प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए। कांग्रेस ने घोषणा की है कि 3 अप्रैल को पटना में होने वाले राज्यस्तरीय प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सीवान से सैकड़ों कार्यकर्ता रवाना होंगे।
