अंबिकापुर : वोट का मतलब निरंकुश मनमानी नहीं, नायब तहसीलदार की पिटाई पर सिंहदेव की विधायक को नसीहत | The Voice TV

Quote :

"मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।"— मुंशी प्रेमचंद

National

अंबिकापुर : वोट का मतलब निरंकुश मनमानी नहीं, नायब तहसीलदार की पिटाई पर सिंहदेव की विधायक को नसीहत

Date : 28-May-2026

 अंबिकापुर, 28 मई । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ की गई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में मचे बवाल के बीच इस घटना पर राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।

सिंहदेव ने किसी का नाम लिए बिना सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों को कड़े शब्दों में लोकतांत्रिक मर्यादाओं की याद दिलाई है। उन्होंने राजपुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ हुई इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अगर पुलिस में एफआईआर दर्ज हुई है, तो निश्चित तौर पर कोई न कोई गंभीर घटना घटित हुई है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव जीतने का अर्थ यह कतई नहीं होता कि आप जो चाहें वो करें या जो आप कहें सिर्फ वही सही हो। मतदाताओं ने 5 साल के लिए संवैधानिक व्यवस्थाओं और कानून के दायरे में रहकर जनता की सेवा और विकास करने का अवसर दिया है, न कि निरंकुश मनमानी करने का।

सिंहदेव ने दो टूक शब्दों में कहा कि जहां जनता ने सत्ता में रहकर देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी है, वहां अगर प्रशासनिक तंत्र से मनमानी की अपेक्षा रखी जाएगी, तो वह प्रजातंत्र नहीं कहलाएगा। उन्होंने नसीहत दी कि यदि जनप्रतिनिधियों में इस परिपक्वता की कमी है, तो उन्हें इसे जल्द से जल्द हासिल करना होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement