वाराणसी, 28 मई । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विज्ञान संस्थान के भौतिकी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. संजय कुमार को “एडिटोरियल कंट्रीब्यूशन अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। स्प्रिंगर नेचर द्वारा प्रदान किए जाने वाले “स्प्रिंगर नेचर एडिटर ऑफ डिस्टिंक्शन अवार्ड्स” के अंतर्गत यह सम्मान दिया गया है। गुरूवार को विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने यह जानकारी दी।
बताया गया कि स्प्रिंगर नेचर विश्व का शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं शैक्षिक प्रकाशन संस्थान है, जो प्रतिवर्ष अपने वैश्विक शैक्षणिक समुदाय में संपादकीय उत्कृष्टता को मान्यता प्रदान करने हेतु विभिन्न पुरस्कार प्रदान करता है। “एडिटोरियल कंट्रीब्यूशन अवार्ड” उन संपादकों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने शोध आलेखों के मूल्यांकन, प्रस्तुत शोध पत्रों की सावधानी पूर्वक समीक्षा तथा सहकर्मी समीक्षा प्रक्रिया के प्रभावी संचालन में उत्कृष्ट योगदान दिया हो। यह सम्मान उन संपादकों को प्रदान किया जाता है जो सहकर्मी समीक्षा के लिए भेजी गई पांडुलिपियों के प्रबंधन में शीर्ष 20 प्रतिशत संपादकों में शामिल होते हैं। इस पुरस्कार के माध्यम से स्प्रिंगर नेचर अपने वैश्विक शैक्षणिक समुदाय में संपादकीय उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने का कार्य करता है। प्रो. संजय कुमार को उनके उत्कृष्ट संपादकीय योगदान, शोध पत्रों के गहन एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन तथा सहकर्मी समीक्षा प्रक्रिया के कुशल संचालन के लिए “एडिटोरियल कंट्रीब्यूशन अवार्ड” से सम्मानित किया गया है।
