मायापुर इस्कॉन मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, गोमाता की सेवा और यज्ञ में हुए शामिल | The Voice TV

Quote :

"मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।"— मुंशी प्रेमचंद

National

मायापुर इस्कॉन मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, गोमाता की सेवा और यज्ञ में हुए शामिल

Date : 28-May-2026

 कोलकाता, 28 मई ।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गुरुवार को एक बार फिर नदिया जिला दौरे पर पहुंचे। मंगलवार को कल्याणी में प्रशासनिक बैठक करने के बाद अब उन्होंने मायापुर स्थित इस्कॉन का दौरा किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला मायापुर इस्कॉन दौरा है।

इस्कॉन प्रबंधन के निमंत्रण पर गुरुवार सुबह शुभेंदु अधिकारी हावड़ा के डुमुरजला से हेलिकॉप्टर के जरिए मायापुर पहुंचे। सुबह लगभग 11 बजे उनका हेलिकॉप्टर मायापुर हेलिपैड पर उतरा। वहां साधु-संतों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे इस्कॉन की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोमाता की विशेष पूजा में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने गोशाला में गोसेवा कार्यक्रम में हिस्सा लिया और गोमाता को चारा भी खिलाया। इसके बाद उनका कार्यक्रम मायापुर के मुख्य चंद्रोदय मंदिर में विशेष पूजा-पाठ और यज्ञ में शामिल होने का रहा। साथ ही उन्होंने साधु-संतों के साथ बैठक भी की।

मुख्यमंत्री के इस्कॉन दौरे को लेकर गुरुवार सुबह से ही मायापुर मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई। शुभेंदु अधिकारी के पहुंचने से पहले ही पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया था। कीर्तन और भक्ति संगीत के बीच उनका स्वागत किया गया।

राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री के इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आध्यात्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ इसका राजनीतिक संदेश भी है। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष फरवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मायापुर इस्कॉन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उस दौरान शुभेंदु अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे।

इससे पहले मुख्यमंत्री हाल ही में बेलूड़ मठ भी गए थे। 21 मई को बेलूड़ मठ पहुंचकर उन्होंने महराजों से मुलाकात की थी। वहां उन्हें स्वामी विवेकानंद की पुस्तकें और पुष्पगुच्छ भेंट किए गए थे। उस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और आध्यात्मिकता के प्रसार पर जोर दिया था।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement