प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात करेंगे। यह दौरा भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रहा है और दोनों देशों के बीच मजबूत, बहुआयामी सहयोग की समीक्षा व भविष्य की दिशा तय करने का एक अहम अवसर है।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वोंग भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। साथ ही, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और अन्य वरिष्ठ भारतीय अधिकारी भी प्रधानमंत्री वोंग से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह यात्रा दोनों देशों की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें व्यापार, तकनीक, शिक्षा, डिजिटल साझेदारी, और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। मंत्रालय ने यह भी रेखांकित किया कि सिंगापुर भारत की "एक्ट ईस्ट नीति" का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष सितंबर में प्रधानमंत्री मोदी की सिंगापुर यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को "विस्तृत रणनीतिक साझेदारी" के स्तर तक बढ़ाया गया था।
इस उच्च-स्तरीय मुलाकात में दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, इंडो-पैसिफिक सहयोग, और टेक्नोलॉजी व स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में आपसी हितों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
यह दौरा भारत और सिंगापुर के संबंधों को नई ऊर्जा और दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।