प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों की खुले शब्दों में सराहना की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा लिए गए फैसलों से आम नागरिक, किसान, MSME, मध्यम वर्ग, महिलाएं और युवा वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि सरकार ने जीएसटी दरों में कटौती का निर्णय लिया है, जो देश के नागरिकों के जीवन को आसान बनाएगा। उन्होंने कहा कि दर संरचना को युक्तिसंगत बनाना और प्रक्रियात्मक सुधारों को लागू करना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से छोटे व्यापारियों और उद्यमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सुधार "ईज ऑफ डूइंग बिजनेस" को बढ़ावा देंगे और व्यापक स्तर पर व्यापार में आसानी सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए अपने भाषण में उन्होंने जीएसटी प्रणाली में अगली पीढ़ी के सुधारों की सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट किया था।
इन सुधारों को भारत की टैक्स प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल और नागरिकों के लिए अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
