प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया-2025 सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह तीन दिवसीय सम्मेलन देश में एक मजबूत, लचीला और टिकाऊ सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर केंद्रित होगा।
सम्मेलन में सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम की प्रगति, स्मार्ट विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता में नवाचार, निवेश के अवसर, तथा राज्य-स्तरीय नीति कार्यान्वयन जैसे विषयों पर कई सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी कल सीईओ की गोलमेज बैठक में भी भाग लेंगे।
इस आयोजन में 48 से अधिक देशों के 2,500 से ज्यादा प्रतिनिधि और कुल मिलाकर 20,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। कार्यक्रम में छह देशों की गोलमेज चर्चाएं, देश-स्तरीय मंडप, और कार्यबल विकास तथा स्टार्टअप्स के लिए समर्पित मंडप भी शामिल हैं।
सम्मेलन में डिज़ाइन लिंक्ड इंसेंटिव योजना के अंतर्गत पहलों, स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के भविष्य के रोडमैप पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दुनिया भर में आयोजित सेमीकॉन सम्मेलनों का उद्देश्य सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देना और विभिन्न देशों के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने वाली नीतियों को प्रोत्साहित करना है।