सिंगापुर गणराज्य के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आ रहे हैं। इस दौरान वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ गुरुवार को द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह यात्रा भारत-सिंगापुर के राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है और यह दोनों देशों की साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए आपसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यात्रा के दौरान, दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे जो आपसी हितों से जुड़े हैं। मंत्रालय ने यह भी रेखांकित किया कि सिंगापुर भारत के लिए एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार है, विशेष रूप से 'एक्ट ईस्ट नीति' के तहत सहयोग को बढ़ावा देने में।
पिछले वर्ष सितंबर में पीएम मोदी की सिंगापुर यात्रा के दौरान, भारत-सिंगापुर संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाया गया था। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की यह यात्रा इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
