कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ से प्रभावित पंजाब के किसानों को भरोसा दिलाया है कि इस प्राकृतिक आपदा की घड़ी में केंद्र सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। यह बात उन्होंने कल नई दिल्ली में कृषि क्षेत्र की राष्ट्रीय स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
श्री चौहान ने विभिन्न राज्यों में वर्षा की स्थिति का अवलोकन किया और पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा फसलों पर इसके प्रभाव पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे, जमीनी हालात का जायजा लेंगे और संकटग्रस्त किसानों से मिलकर उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।
मंत्री ने खाद्यान्न फसलों के साथ-साथ बागवानी के क्षेत्र में हुई प्रगति की भी समीक्षा की। साथ ही, मंत्रालय के अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों में वर्षा और जलाशयों की स्थिति की भी जानकारी दी।
