लिवर को मानव शरीर का पावर हाउस माना जाता है। यदि पावर हाउस ही ठीक नहीं रहेगा तो व्यक्ति को कई तरह की बीमारियां घेर लेती हैं। लिवर की देखभाल करने के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना होगा। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए विशेषज्ञ शराब, अधिक मसाला और वसायुक्त भोजन से बचने की सलाह देते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव कहती हैं कि लिवर शरीर के महत्वपूर्ण अंगों में एक है। बदलती जीवनशैली और खराब खान-पान की आदतों के कारण व्यक्ति लिवर की समस्या का शिकार हो रहा है। लिवर कमजोर होने से वह ठीक से काम नहीं करता है। उसकी वजह से व्यक्ति फैटी लिवर, लिवर इंफेक्शन और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों का शिकार हो जाता है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और गैर संचारी रोगों के नोडल डॉ. वीपी शाक्य बताते हैं कि पेट के दाहिने और ऊपरी हिस्से में लिवर मौजूद होता है। शरीर में जाने वाले भोजन को पचाने में भी लिवर की अहम भूमिका होती है। लिवर खराब होने से व्यक्ति की कार्यक्षमता पर बहुत बड़ा असर होता है। लिवर का मुख्य काम कार्बोहाइड्रेट, वसा और प्रोटीन को व्यवस्थित करना होता है। लिवर में ग्लूकोज का भंडार होता है। वह शुगर की कमी को दूर करता है। लिवर में समस्याओं के कारण व्यक्ति धीरे-धीरे कई तरह की शारीरिक बीमारियों का शिकार होने लगता है। लिवर संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए सबसे पहले खानपान की आदतों में सुधार करना होगा। साथ ही योगाभ्यास का सहारा लेकर भी लिवर सम्बन्धी बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है।
शराब के सेवन से लिवर को खतरा
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप कुमार यादव का कहना है कि लिवर इन्फेक्शन की शुरुआत में आपको पेट और पाचन से जुड़ी समस्याएं होती हैं। जो धीरे-धीरे बढ़ती है। अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन और बहुत अधिक तेल-मसाले वाले भोजन का सेवन करने से भी लिवर सम्बन्धी समस्या हो सकती है।
लिवर सम्बन्धी समस्या
-लिवर इन्फेक्शन होने पर शुरुआत में पेट में लगातार दर्द और सूजन की समस्या हो सकती है। पीलिया की समस्या बार-बार हो सकती है।
-लिवर इन्फेक्शन की समस्या में स्किन पर खुजली और रैशेज सबसे कॉमन हैं। हालांकि स्किन पर रैशेज और खुजली कई कारणों से हो सकते हैं।
-पेशाब के रंग में बदलाव होना भी लिवर में खराबी का संकेत माना जाता है।
-लीवर इन्फेक्शन होने पर आपको भूख कम लगती है और खाने का मन नहीं करता है। उल्टी और मतली की समस्या भी लीवर में संक्रमण होने का संकेत है।
लीवर इन्फेक्शन से बचने के उपाय
-शराब का सेवन न करें
-वजन संतुलित रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं
-कम वसा (फैट) और कम चीनी (शुगर) वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें
-हेपेटाइटिस ए और बी की वैक्सीन लगवाएं
-हानिकारक दवाओं और ड्रग्स के सेवन से बचें