काठमांडू, 11 मई । भारतीय सीमा से सटे नेपाल के मोरंग जिले में सशस्त्र पुलिस बल ने नियमित चेकिंग के दौरान 20 लाख भारतीय रुपये बरामद किए हैं।
सशस्त्र प्रहरी बल के मोरंग जिला डीएसपी शैलेंद्र थापा के अनुसार सोमवार की सुबह भारत से आने वाले लोगों की नियमित जांच के दौरान 500 रुपये के नोटों की 40 गड्डियां सीमा सुरक्षा की टीम ने बरामद कीं। थापा के मुताबिक भारत से नेपाल की ओर मोटरसाइकिल पर आ रहे कुछ व्यक्तियों पर शक होने के बाद जांच की गई, जिसके दौरान यह रकम मिली।
थापा ने बताया कि मोटरसाइकिल के पीछे बैठा व्यक्ति अपने पास मौजूद बैग वहीं फेंककर फरार हो गया, जिसके बाद यह रकम बरामद की गई। उस युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बरामद भारतीय मुद्रा को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित निकाय को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।
