भारत-स्वीडन संबंधों को मिला नया आयाम, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर : पीएम मोदी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

भारत-स्वीडन संबंधों को मिला नया आयाम, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर : पीएम मोदी

Date : 18-May-2026

 गोथेनबर्ग, 18 मई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वीडन में आयोजित यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री कार्यक्रम के दौरान भारत और स्वीडन के बीच संबंधों को नई दिशा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोप के बीच पॉलिटिकल, इकॉनमिक और स्ट्रेटेजिक कन्वर्जेन्स पूरे विश्व में शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और स्वीडन के संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और मानव-केंद्रित विकास पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश नवाचार, सतत विकास और लोकतंत्र को अपनी साझा ताकत मानते हैं।

कार्यक्रम में स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच ग्रीन ट्रांजिशन, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों और लोगों के बीच संबंधों को सहयोग के प्रमुख स्तंभों के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थ-टेक और ग्रीन मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में व्यापक संभावनाओं का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और स्वीडन मिलकर “स्वीडन-इंडिया टेक्नोलॉजी एंड एआई कॉरिडोर” को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे। साथ ही स्टार्टअप और अनुसंधान क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए भारत-स्वीडन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर भी प्रधानमंत्री ने दोनों देशों की सोच में समानता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत में ग्रीन हाइड्रोजन, सर्कुलर इकोनॉमी और टिकाऊ बुनियादी ढांचे पर बड़े स्तर पर कार्य हो रहा है, जहां स्वीडन की तकनीक और भारत की क्षमता मिलकर वैश्विक समाधान तैयार कर सकती है।

रक्षा सहयोग पर प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वीडिश कंपनियों का भारत में उत्पादन सुविधाएं स्थापित करना इस बात का संकेत है कि दोनों देश अब केवल खरीदार-विक्रेता संबंधों से आगे बढ़कर दीर्घकालिक औद्योगिक साझेदारी की ओर बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में लोकतांत्रिक देशों के बीच सहयोग का महत्व और बढ़ गया है तथा भारत हमेशा संवाद और कूटनीति के माध्यम से समस्याओं के समाधान का समर्थन करता रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement