अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में जहाज पर हेलफायर मिसाइल दागी, ईरान ने कहा-यह विश्वासघात | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।" — विंस्टन चर्चिल

International

अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में जहाज पर हेलफायर मिसाइल दागी, ईरान ने कहा-यह विश्वासघात

Date : 31-May-2026

 मस्कट (ओमान)/तेहरान (ईरान)/वाशिंगटन (अमेरिका), 31 मई । अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ रहे व्यापारिक जहाज (टैंकर) को हेलफायर मिसाइल दागकर निष्क्रिय कर दिया। हेलफायर हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल है। अमेरिका की केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने अपने एक्स हैंडल पर यह जानकारी दी। सेंटकॉम अमेरिकी रक्षा विभाग की प्रमुख लड़ाकू कमान है। यह मध्य पूर्व, मध्य एशिया और दक्षिण एशिया में अमेरिकी सुरक्षा हितों और सैन्य अभियानों का प्रबंधन करती है। ईरान ने अमेरिका के इस कदम की तीखी आलोचना की है।

गल्फ न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इससे दोनों देशों के बीच चल रही शांति वार्ता प्रभावित हो सकती है। सेंटकॉम ने कहा कि ओमान की खाड़ी में हेलफायर मिसाइल हमले में गाम्बिया का झंडा लगाकर गुजर रहे कमर्शियल जहाज को बेकार कर दिया गया है। यह जहाज चेतावनी को नजरअंदाज कर ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ता जा रहा था। ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार मोहसेन रजाई का कहना है कि अमेरिका सैन्य नाकाबंदी को जारी रखकर कूटनीतिक विश्वासघात कर रहा है।

बेकार किए गए इस जहाज की पहचान एम/वी लियान स्टार के रूप में हुई है। बताया गया है कि अमेरिकी नौसेना और वायुसेना ने इसे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में सैन्य नाकाबंदी के नियमों का उल्लंघन करते हुए आगे बढ़ते देखा। इसे 20 से ज्यादा बार चेतावनी दी गई। सेंटकॉम के अधिकारियों ने बताया कि जहाज के क्रू ने इन चेतावनियों का पालन नहीं किया। तब इस पर मिसाइल हमला करना पड़ा। अब यह जहाज आगे नहीं बढ़ सकता।

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि बावजूद इसके ईरान के साथ बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शांति समझौता करने की जल्दबाजी नहीं है। वह ऐसा समझौता चाहते हैं जो उनके मानदंडों के अनुरूप हो। राष्ट्रपति साफ कर चुके हैं कि ईरान को हर हाल में कुछ शर्तों को मानना होगा। समझौते का मसौदा तैयार है। ईरान को अपना परमाणु कार्यक्रम हर हाल में छोड़ना होगा। इसके बिना कोई भी समझौता असंभव है।

पेंटागन प्रमुख हेगसेथ ने सिंगापुर में एक रक्षा शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए शनिवार को कहा कि जरूरत पड़ने पर वाशिंगटन को जंग फिर से शुरू करने में कोई गुरेज नहीं। अमेरिका के पास इसके लिए पर्याप्त साजो-सामान मौजूद है। इससे पहले सेंटकॉम ने एक्स पर लिखा अमेरिकी सेनाएं होर्मुज जलडमरूमध्य में मौजूद हैं और पूरी तरह सतर्क हैं।

एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ओमान के अधिकारियों ने शनिवार को एक अलर्ट जारी किया। इसमें सभी जहाजों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने दावा किया है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के जलक्षेत्र में एक संदिग्ध तैरती हुई वस्तु (संभवतः नौसैनिक खदान) देखी गई है। यह वस्तु जलडमरूमध्य के इनशोर ट्रैफिक ज़ोन के ठीक पश्चिम में दिखी है। सलाह दी गई है किसभी नाविक, मछुआरे और कमर्शियल जहाज इससे दूरी बनाकर गुजरें और तत्काल सूचित करें। ओमान के रक्षा मंत्रालय ने भी इस सलाह को मानने का आह्वान किया है।

इस बीच एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि बुधवार को कुवैत के अली अल सलेम एयर बेस के ऊपर रोके गए ईरानी मिसाइल हमले में कई अमेरिकी सैनिकों और सिविलियन कॉन्ट्रैक्टर्स को मामूली चोटें आईं और वे अब ड्यूटी पर लौट आए हैं। यह चोटें मिसाइल को रोकने के दौरान गिरे मलबे से लगीं। शुक्रवार तक पेंटागन के डेटा के अनुसार, ईरान के साथ युद्ध में 409 सैनिक घायल हुए हैं। इनमें से अधिकतर को दिमागी आघात पहुंचा है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका और ईरान के बीच यह टकराव 28 फरवरी से बना हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई की घोषणा की थी। इसके बाद अमेरिका और इजराइल ने मिलकर सैन्य, सरकारी और बुनियादी ढांचों को निशाना बनाते हुए जबरदस्त हमले किए। इस हमले में ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता और सैन्य कमांडरों की जान चली गई थी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement