बांग्लादेश के फरीदपुर जिले में खसरे से मई में 18 की मौत | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।" — विंस्टन चर्चिल

International

बांग्लादेश के फरीदपुर जिले में खसरे से मई में 18 की मौत

Date : 31-May-2026

 ढाका, 31 मई । बांग्लादेश के फरीदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में खसरे से पीड़ित एक और बच्चे की मौत हो गई है। इस बच्चे की मौत के साथ फरीदपुर जिले में मई माह में ऐसी मौतों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। मृतक तासिम झेनैदाह शहर के आसिम मिया का बेटा था।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल सूत्रों ने बताया कि तासिम को 29 मई को फरीदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 24 घंटों के दौरान इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फरीदपुर सिविल सर्जन कार्यालय के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले 24 घंटों में जिले भर के सरकारी अस्पतालों में खसरे के लक्षणों वाले 91 नए मरीज भर्ती हुए। इसी अवधि के दौरान 45 मरीज ठीक होकर घर लौट गए।

वर्तमान में जिले के विभिन्न अस्पतालों में 183 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें फरीदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती 118 बच्चे भी शामिल हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित मरीजों में अधिकतर बच्चे हैं। फरीदपुर के सिविल सर्जन डॉ. महमूदुल हसन ने कहा कि सरकारी निर्देशों के अनुसार जरूरी दवाएं, उपकरण और कर्मचारियों की व्यवस्था कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि खसरे के मामलों में बढ़ोतरी इसलिए हो सकती है क्योंकि बकरीद की छुट्टियों के दौरान अलग-अलग इलाकों से बच्चे अपने गांवों में वापस आए थे। फरीदपुर शिशु अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. निरंजन भौमिक ने कहा कि खसरा तेजी से फैलने वाली बीमारी है। उन्होंने कहा, "अगर किसी संक्रमित बच्चे को बुखार, शरीर पर लाल चकत्ते, खांसी या सांस लेने में दिक्कत होती है, तो तुरंत चिकित्सीय सलाह लेनी चाहिए।"


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement