'जनजातीय गौरव दिवस' पर आईजीएनसीए में फोटो प्रदर्शनी | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

'जनजातीय गौरव दिवस' पर आईजीएनसीए में फोटो प्रदर्शनी

Date : 15-Nov-2022

 नई दिल्ली, 15 नवंबर, (हि.स.)। भारत सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर साल 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया है। इस अवसर पर मंगलवार को इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) ने अपने परिसर में स्थित ‘दर्शनम’ कला दीर्घा में जनजातीय जीवन और संस्कृति पर एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री, लोकसभा के वर्तमान सांसद एवं रक्षा मामलों पर संसदीय समिति के अध्यक्ष जुएल ओरांव ने किया। उद्घाटन के मौके पर इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी भी मौजूद रहे।

प्रदर्शनी में शामिल छायाचित्र फोटो जर्नलिस्ट सतीश लाल आंदेकर के हैं। उन्होंने ये फोटोग्राफ 12 वर्षों की अवधि के दौरान लिए हैं और इस दौरान उन्होंने कई दिन-रात जनजातीय समुदाय के बीच बिताए। इस प्रदर्शनी में दस राज्यों के जनजातीय समुदायों की संस्कृति और परम्परा को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी 21 नवंबर तक चलेगी।

प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान जुएल ओरांव ने सरकार द्वारा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने के फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/आशुतोष

 
 
 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement