अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए महिलाओं का स्वावलंबी होना जरूरी : साध्वी निरंजन ज्योति | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए महिलाओं का स्वावलंबी होना जरूरी : साध्वी निरंजन ज्योति

Date : 16-Nov-2022

लखनऊ, (हि.स.)। केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि किसी भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए महिलाओं का सशक्त और स्वावलंबी होना नितांत आवश्यक है। कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने के सफल प्रयास किये जा रहे हैं। वह मंगलवार को योजना भवन लखनऊ में उप मुख्यमंत्री की उपस्थिति में लखपति महिला योजना की समीक्षा कर रही थीं।

केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दुग्ध, पशुधन, जैविक खेती, सिलाई जैसे अनेक क्रियाकलापों में समूह की महिलाएं कामकर आत्मनिर्भर हो रही हैं। कहाकि प्रदेश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक गोशाला में गोबर के लट्ठे बनाने का प्लान्ट लगाने का प्राविधान होना चाहिए। फतेहपुर में इस तरह का प्लान्ट लगाकर अच्छा कार्य हो रहा है और इसमें समूह की महिलाएं अच्छी कमाई कर रही हैं।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग विशेषकर ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह महिला सशक्तिकरण के महा अभियान को और अधिक तीव्रता के साथ संचालित करें। कहा ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित लखपति महिला कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों को सम्मिलित करने की कार्यवाही की जाय। लखपति महिला योजना के लक्ष्यों को बढ़ाया जाय। इस योजना में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की साल में कम से कम एक लाख आमदनी कराना लखपति महिला कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है। कहा कि स्वयं सहायता समूहो की आमदनी बढ़ाने के हर सम्भव उपाय किए जाएं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आजीविका मिशन से जुड़ी सभी सखियों के लिए टोल फ्री नंबर व काल सेन्टर की व्यवस्था करायी जाय। समूहों द्वारा निर्मित विशेष सामग्री के विपणन के लिए बड़ा इवेन्ट करके प्रजेंटेशन किया जाए। कहा कि ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं में उत्तर प्रदेश देश में अव्वल नम्बर पर है। लखपति महिला कार्यक्रम भी प्रदेश, देश मे एक नम्बर पर रहना चाहिए। कहा बी सी सखियों व विद्युत सखियों ने प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य किया है।

समीक्षा बैठक में ग्राम्य विकास आयुक्त जी एस प्रियदर्शी, मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सी इन्दुमती, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement