मप्रः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति के साथ किया पौधरोपण | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

मप्रः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति के साथ किया पौधरोपण

Date : 16-Nov-2022

भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने प्रतिदिन पौधरोपण करने के संकल्प के क्रम में बुधवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट उद्यान में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ पौधा लगाया। इस मौके पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी अत्यंत सहज, सरल, धैर्यवान, गंभीर हैं, उनके व्यक्तित्व में सागर जैसी गहराई है और वे मानवीय संवेदनाओं से भरी हुई हैं। आज उनके साथ पौधरोपण का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का पौधे लगाना, प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रकट करता है। उनको बहुत-बहुत धन्यवाद! राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा मध्यप्रदेश की पावन धरती पर पौधरोपण करने से हमारे उस अभियान को भी बल मिला है कि हर व्यक्ति महत्वपूर्ण अवसर पर पौधे लगाए। अब मध्यप्रदेश में पौधरोपण अब आंदोलन का रूप लेता जा रहा है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुर्मू इन दिनों मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। बुधवार को उनके प्रवास का अंतिम दिन है। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पिछले डेढ़ साल से रोज पौधे लगा रहे हैं। उनके पौधरोपण अभियान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी साथ मिला। उन्होंने आज भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री चौहान के साथ पौधरोपण किया।

इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भोपाल स्थित मप्र जनजातीय संग्रहालय पहुंची। यहां उन्होंने राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ जनजातीय कलाकृतियों, पेंटिंग्स और अलग-अलग आदिवासी समुदाय की जीवनशैली से जुड़ी संरचनाओं को देखा। इस अवसर पर राष्ट्रपति का पद्मश्री भूरी बाई ने अंग वस्त्रम भेंट कर स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/मुकेश/वीरेन्द्र

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement