नई दिल्ली, 07 दिसंबर (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बुधवार को कहा कि नेता नहीं बल्कि जनता जीत हुई। वह दिल्ली की जनता को बधाई देते है। आज दिल्ली में करिश्मा हुआ है, कल गुजरात में चमत्कार होगा। कल गुजरात में नई सरकार बनेगी। गुजरात के एग्जिट पोल गलत साबित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज आप ने दिल्ली भी जीती और दिल भी जीत लिया।
वहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस शानदार जीत के लिए दिल्ली की जनता को बधाई। सिसोदिया ने कहा कि अब एमसीडी में भी केजरीवाल की कट्टर ईमानदार सरकार आ गई है, जो भाजपा अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है, वह अब एमसीडी से भी चली गई है। अब हम सब मिलकर नई दिल्ली बनाएंगे और जनता को कूड़े से निजात दिलाएंगे।
इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि भाजपा वाले हमेशा कहते हैं कि केजरीवाल सिर्फ कांग्रेस को हराती है। आज केजरीवाल ने भाजपा को हरा दिया। गोपाल राय ने कहा कि भ्रष्टाचार का एक ही काल है केजरीवाल। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आज इतिहास रच दिया है। भाजपा की सभी साजिशों को दिल्लीवालों ने नाकाम करने का काम किया है।
वहीं राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के कूड़े पर आज दिल्ली की जनता ने झाड़ू चलाने का काम किया है। उन्होंन कहा है वह “आप सभी को दिल की गहराईयों से धन्यवाद देता हूं। भाजपा देश की सबसे बड़ी बेशर्म पार्टी है। भाजपा कह रही है कि मेयर हमारा होगा। अब भाजपा किसी घमंड में न रहे।”
सिंह ने कहा कि इस जीत के लिए दिल्ली की जनता को बधाई। दिल्ली की जनता ने पूरे देश को संदेश दिया है कि उनके बेटे अऱविंद केजरीवाल का उत्पीड़न करोगे और उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे लिखोंगे, तो हम आपको वोट से जवाब देंगे। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली की जनता ने बता दिया कि आप कट्टर ईमानदार पार्टी है।
एमसीडी चुनाव नतीजों के बाद ‘आप’ सांसद राघव चड्ढा ने कहा है, ''भाजपा को दिल्ली की जनता से करारा जवाब मिला है। जनता ने उसी को वोट दिया है जो विकास के लिए काम करेगा। आज दिल्ली ने उस ‘कीचड़’ का सफाया कर दिया है, जिसे भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर फेंकने की कोशिश की थी। हम दिल्ली को दुनिया के सबसे खूबसूरत शहर में बदल देंगे।''
हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी