प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुईज़ इनासियो लूला दा सिल्वा के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि बातचीत के दौरान व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले महीने की अपनी ब्राज़ील यात्रा को याद करते हुए द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-ब्राज़ील रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई और पारस्परिक सहयोग को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने की इच्छा जताई।
