पंजाब बोर्ड ने घोषित किए 10वीं के परिणाम, फरीदकोट की हरलीन शर्मा ने किया टॉप | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पंजाब बोर्ड ने घोषित किए 10वीं के परिणाम, फरीदकोट की हरलीन शर्मा ने किया टॉप

Date : 11-May-2026

 चंडीगढ़, 11 मई । पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। मेरिट सूची के टॉप-3 में दो स्थान छात्राओं ने अपने नाम किए हैं, जबकि दूसरे स्थान पर एक छात्र ने जगह बनाई है।

इस साल फरीदकोट की हरलीन शर्मा ने पहला स्थान हासिल कर पूरे राज्य में टॉप किया है। रूपनगर के मनीमहेश शर्मा दूसरे स्थान पर रहे हैं। तीसरे स्थान पर फिर से छात्राओं ने बाजी मारते हुए रूपनगर की रिया रानी ने अपना नाम दर्ज कराया है। परिणाम घोषित होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

पंजाब बोर्ड की 10वीं परीक्षा में इस वर्ष 2,69,505 विद्यार्थियों ने शिरकत की थी, जिनमें से 2,54,744 विद्यार्थी पास हुए हैं। इस तरह इस साल कुल पास प्रतिशत 94.52 फीसदी दर्ज किया गया है। छात्राओं का प्रदर्शन इस बार भी लड़कों की तुलना में बेहतर रहा। बोर्ड के अनुसार 1,27,753 छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 1,22,595 छात्राएं पास हुईं। छात्राओं का कुल पास प्रतिशत 95.96 फीसदी रहा।

इस बार 41,746 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 1,32,143 छात्र पास हुए। लड़कों का कुल पास प्रतिशत 93.23 फीसदी दर्ज किया गया। इसके अलावा ट्रांसजेंडर वर्ग के 6 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और सभी के सभी विद्यार्थी सफल रहे। इस वर्ग का परिणाम 100 फीसदी रहा।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के परिणामों में भी अंतर देखने को मिला। शहरी क्षेत्रों से 94,547 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 87,914 विद्यार्थी पास हुए। शहरी क्षेत्रों का पास प्रतिशत 92.98 फीसदी रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के 1,74,958 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 1,66,830 विद्यार्थी सफल हुए। ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 95.35 फीसदी रहा, जो शहरी क्षेत्रों से बेहतर रहा। स्कूलों के आधार पर देखें तो सरकारी स्कूलों के छात्रों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। सरकारी स्कूलों के 1,78,498 विद्यार्थियों में से 1,68,593 विद्यार्थी पास हुए और पास प्रतिशत 94.45 फीसदी रहा।

गैर-

सरकारी यानी निजी स्कूलों के

72,147 विद्यार्थियों में से 69,237 विद्यार्थी सफल रहे। इन स्कूलों का पास प्रतिशत 95.97 फीसदी दर्ज किया गया। सहायता प्राप्त स्कूलों के 18,860 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 16,914 विद्यार्थी पास हुए। इन स्कूलों का पास प्रतिशत 89.68 फीसदी रहा। मेरिट सूची में शामिल टॉप-5 जिलों की बात करें तो इस बार लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर, संगरूर और जालंधर के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

पास प्रतिशत के हिसाब से अमृतसर, फिरोजपुर, पठानकोट, तरनतारन और गुरदासपुर जिले सबसे आगे रहे। नतीजों के बाद सफल विद्यार्थियों के घरों में जश्न का माहौल है, जबकि शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि वे शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement