भुवनेश्वर, 11 मई । राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर सोमवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने देश के वैज्ञानिकों, नवप्रवर्तकों, इंजीनियरों और युवा प्रतिभाओं को शुभकामनाएं दी हैं।
अपने सोशल मीडिया संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी प्रतिभाशाली लोग अपने नवाचार और वैज्ञानिक उत्कृष्टता के माध्यम से भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने वैज्ञानिक समुदाय के निरंतर योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इससे देश की तकनीकी क्षमता और वैश्विक पहचान को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि ओडिशा समावेशी विकास, बेहतर शासन व्यवस्था और नागरिक सशक्तिकरण के लिए तकनीक के उपयोग के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस भारत में विज्ञान और तकनीकी उपलब्धियों के सम्मान में प्रतिवर्ष मनाया जाता है।
