कठुआ, 11 मई । नशा मुक्त अभियान के तहत कठुआ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को राजबाग के कोटपुन्नू क्षेत्र में तीन बड़े नशा तस्करों के मकानों को ध्वस्त कर दिया।
यह सभी निर्माण राज्य भूमि पर अवैध रूप से किए गए थे। जिन आरोपियों के मकान गिराए गए उनमें लियाकत अली उर्फ लियाकतू, गग्गू दीन और शम दीन शामिल हैं। ये सभी शरीफ मोहम्मद के पुत्र हैं और तहसील मढ़हीन जिला कठुआ के निवासी हैं। जिला प्रशासन के अनुसार तीनों आरोपी नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं और इनके खिलाफ कुल 16 एफआईआर दर्ज हैं।
ध्वस्त की गई संपत्तियों की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ जारी मुहिम का हिस्सा है और सरकार की मंशा स्पष्ट है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने यह भी दोहराया कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त किया जा सके।
