प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी श्री राबुका के सम्मान में दोपहर भोज भी आयोजित करेंगे। श्री राबुका अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत भारत सरकार की ओर से शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने किया। उनके साथ उनकी पत्नी सुलुएती राबुका और एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है, जिसमें फिजी के स्वास्थ्य मंत्री रातू अटोनियो लालबालावु और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
यह यात्रा प्रधानमंत्री राबुका की वर्तमान पद पर भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। कल शाम केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी श्री राबुका से मुलाकात की। आज शाम फिजी के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे।
भारत और फिजी के बीच संबंध परंपरागत मित्रता, आपसी सम्मान और सहयोग पर आधारित हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और स्थायी संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भारत, वर्षों से फिजी का एक भरोसेमंद विकास भागीदार रहा है। दोनों देशों के बीच सहयोग के प्रमुख क्षेत्र हैं — कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, क्षमता निर्माण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) और आपदा राहत। यह द्विपक्षीय वार्ता इन सभी क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की संभावनाओं को बल देगी।
