मप्र: केंद्रीय मंत्री नड्डा आज जबलपुर प्रवास पर, विभिन्न कार्यक्रमाें में हाेंगे शामिल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मप्र: केंद्रीय मंत्री नड्डा आज जबलपुर प्रवास पर, विभिन्न कार्यक्रमाें में हाेंगे शामिल

Date : 25-Aug-2025

भोपाल, 25 अगस्त । केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज (सोमवार को) मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दाैरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। केन्द्रीय मंत्री नड्डा नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक सूचना केन्द्र में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले ऐतिहासिक निर्णयों और जन हितैषी पहल का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री नड्डा दोपहर 12.45 बजे संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 3.10 बजे घंटाघर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस सांस्कृतिक एवं सूचना केंद्र में श्योपुर और सिंगरौली में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही धार, बैतूल, पन्ना और कटनी जिलों में पीपीपी मॉडल पर चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना के लिए अनुबंधों पर हस्ताक्षर होंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना कार्ड वितरण, मातृ-शिशु सुरक्षा को सुदृढ़ करने वाली योजनाएं और डिजिटल नवाचार के रूप में स्मार्ट चैटबॉट का शुभारंभ किया जाएगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को 8 लाख वय वंदना कार्ड का वितरण किया जाएगा। मध्‍य प्रदेश में तकनीकी सशक्तीकरण का नया अध्याय जोड़ते हुए स्मार्ट चैटबॉट (आयुष्मान एवं सखी) का शुभारंभ होगा। यह चैटबॉट आमजन को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श प्राप्त करने का आसान माध्यम बनेगा। इसके अतिरिक्त आशा कार्यकर्ताओं से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी मजबूती को सुदृढ़ किया जाएगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मातृ शिशु सुरक्षा कार्ड का वितरण भी किया जाएगा।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा शाम 6.30 बजे ग्वारी घाट पर मॉं नर्मदा के दर्शन कर आरती में शामिल होंगे। रात्रि विश्राम जबलपुर में करेंगे एवं 26 अगस्त को दोपहर 3 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement