केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि केंद्र सरकार का लक्ष्य देश भर में 10 करोड़ स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का है, जिनमें से 1 करोड़ मीटर पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं। हरियाणा के रोहतक में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण प्रदान करेंगे, जिससे न केवल शिकायतों में कमी आएगी बल्कि ऊर्जा की बचत भी संभव होगी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस योजना से बिजली वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और कुशल बनेगी। उपभोक्ता अपनी वास्तविक खपत के अनुसार बिल का भुगतान कर सकेंगे और बिजली की बर्बादी रोकने में मदद मिलेगी।
मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि अब तक देश में 1,100 किलोमीटर मेट्रो रेल लाइन बिछाई जा चुकी है। भारत मेट्रो नेटवर्क के मामले में विश्व में तीसरे स्थान पर है और जल्द ही दूसरे स्थान पर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में 24 शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध हैं और भविष्य में यह सुविधा 29 शहरों तक विस्तारित की जाएगी।
