सिवान में जंगलराज की वापसी नहीं होने देना है: अमित शाह | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सिवान में जंगलराज की वापसी नहीं होने देना है: अमित शाह

Date : 24-Oct-2025

पटना, 24 अक्टूबर । बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार ने अब रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभाओं को संबोधित किया, वहीं देंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वान में जनसभा को संबोधित किया।

सिवान में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि उन्होंने नामांकन के बाद पहली सभा सिवान में रखने कि इच्छा जताई थी। क्योंकि 20 सालों तक लालू-राबड़ी के शासनकाल में सिवान की भूमि ने जंगलराज को सहा है। शहाबुद्दीन के खौफ, अत्याचार और हत्याओं के दौर को सिवान ने झेला है। यहां की भूमि लहूलुहान हो गई, लेकिन सिवान वालों ने झुकना स्वीकार नहीं किया और लालू-राबड़ी शासन को समाप्त कर दिया।

शहाबुद्दीन के दौर में हुई हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी को एकजुट होना है, क्योंकि एक बार फिर से लालू यादव ने शहाबुद्दीन के बेटे को रघुनाथपुर से टिकट देने का काम किया है। आप सभी को शहाबुद्दीन के बेटे को हराना है और सिवान को जंगलराज से बचाना है। उन्होंने कहा कि हम यह चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रहे हैं। नीतीश कुमार और नरेन्द्र मोदी मिलकर बिहार को विकास की पटरी पर दौड़ा रहे हैं।

अमित शाह ने सिवान जिले में सरकार के द्वारा सड़क, रेल, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और बिजली के लिए पावर ग्रिड निर्माण कार्य का जिक्र करते हुए कहा कि लालू यादव को बताना चाहिए की उन्होंने क्या कार्य किए। लालू यादव केवल अपने परिवार के लिए कार्य करते हैं, जबकि नीतीश सरकार ने 125 यूनिट बिजली फ्री किया, पटना को मेट्रो दिया। जीविका दीदियों और आशाओं के मानदेय में वृद्धि की।

केंद्रीय गृह मंत्री ने सभा के दौरान महागठबंधन के सीटों के बंटवारे में झगड़े पर भी तंज कसा और कहा कि अंत समय तक सीटों का बंटवारा नहीं सुलझा, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार कि जनकल्याणकारी योजनाओं को गिनाया। उन्होंने सभी से पूछा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए था या नहीं? भगवान टेंट में थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूमि पूजन भी किया और प्राण प्रतिष्ठा भी की।

गृह मंत्री ने पहलगाम में आतंकी हमले को लेकर कहा कि कांग्रेस की सरकार में आतंकवादियों को बिरयानी खिलाया जाता था। लेकिन मोदी सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से उन्हें सबक सिखाने का काम किया है। घुसपैठियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि घुसपैठिए देश विरोधी गतिविधि में संलिप्त हैं। हमारा संकल्प है एक-एक घुसपैठियों को बाहर भगाएंगे।

इस दौरान सिवान से उम्मीदवार मंगल पाण्डेय, जीरादेई से उम्मीदवार भीष्म प्रताप कुशवाहा, दुरौंधा से उम्मीदवार कर्णजीत सिंह, बरहड़िया से उम्मीदवार इंद्रदेव सिंह पटेल और हथुआ से उम्मीदवार रामसेवक सिंह आदि उपस्थित थे। साथ ही मंच पर सिवान सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा, पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव, पूर्व सांसद कविता सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. अभिमन्यु सिंह, नगर परिषद की पूर्व सभापति अनुराधा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में राजग के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement