राजस्थान में बढ़ने लगी गर्मी, दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राजस्थान में बढ़ने लगी गर्मी, दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी

Date : 24-Feb-2026

जयपुर, 24 फ़रवरी । राजस्थान में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी से गर्मी का असर तेज होने लगा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई है। होली तक प्रदेश के कुछ शहरों में पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

सोमवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस मापा गया। राज्य के 20 से अधिक शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री, कोटा में 30.9, अजमेर में 30.6, पिलानी और नागौर में 30.7, बारां में 30.3 तथा निवाई (टोंक) में 30.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। जयपुर, बीकानेर और बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

जयपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। इससे सुबह-शाम की ठंडक में कमी महसूस की जा रही है।

पिछले 24 घंटे में जयपुर और टोंक के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। अलवर, सीकर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। वहीं पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में वृद्धि होने से प्रदेश में गर्मी का असर तेज हो सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement